चंडीगढ़, 18 जून 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को दुनिया भर में बसे पंजाबियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका पूरा सार्वजनिक जीवन पंजाब और पंजाबियों की सेवा को समर्पित रहा है तथा कोई भी झूठा प्रचार या राजनीतिक साजिश उन्हें जनता और संगत से अलग नहीं कर सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि वायरल वीडियो मामले में सामने आई दो स्वतंत्र फोरेंसिक रिपोर्टों ने पूरी सच्चाई उजागर कर दी है और यह साबित कर दिया है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीडियो के 1,191 फ्रेमों की वैज्ञानिक जांच की गई और किसी भी फ्रेम में उनका चेहरा, कद, शरीर की बनावट या अन्य शारीरिक विशेषताएं मेल नहीं खातीं। उन्होंने इसे पंजाब की प्रगति और लोगों द्वारा उन्हें मिल रहे समर्थन से परेशान कुछ ताकतों द्वारा रची गई राजनीतिक साजिश बताया।
1,191 फ्रेमों की जांच में CM मान से नहीं मिला कोई मेल
वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि विवादित वीडियो की जांच पंजाब से बाहर स्थित दो स्वतंत्र और मान्यता प्राप्त फोरेंसिक प्रयोगशालाओं द्वारा की गई।
उन्होंने कहा कि जांच के दौरान वीडियो के सभी 1,191 फ्रेमों का परीक्षण किया गया। इसमें चेहरे की बनावट, आंखों, साइड प्रोफाइल, फ्रंट प्रोफाइल, शरीर की संरचना, कद और अन्य तकनीकी पहलुओं का विश्लेषण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “दोनों रिपोर्टों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मैं नहीं हूं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि वीडियो में मौजूद व्यक्ति की लंबाई मेरी लंबाई से लगभग दो इंच अधिक है। ऐसे में मुझे उससे जोड़ना पूरी तरह निराधार है।”
उन्होंने कहा कि किसी अन्य व्यक्ति को उनके जैसा दिखाने की कोशिश कर वीडियो तैयार किया गया और फिर उसे उनके नाम से जोड़कर बदनाम करने का प्रयास किया गया।
“किसी को नहीं पता कि यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया, कहां रिकॉर्ड किया गया और सबसे पहले इसे किसने प्रसारित किया। लेकिन इतना स्पष्ट है कि पंजाब के लोगों के हित में लिए जा रहे फैसले कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे हैं,” उन्होंने कहा।
धार्मिक और जनहित के कार्यों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पहले सांसद और फिर मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर मिला, जिसके दौरान उन्होंने कई ऐतिहासिक फैसले लिए।
उन्होंने बताया कि संसद के इतिहास में पहली बार छोटे साहिबजादों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके अलावा पंजाब सरकार ने पालकी साहिब और विभिन्न धर्मों के पवित्र ग्रंथों के प्रकाश के लिए उपयोग किए जाने वाले विशेष वाहनों को मोटर वाहन कर से मुक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए और पहली बार पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि अमृतसर, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो को पवित्र शहरों का दर्जा दिया गया, जो पहले किसी भी सरकार ने नहीं किया था।
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026 लागू कर बेअदबी के मामलों में कड़ी सजा का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि इस कानून की लोगों ने व्यापक सराहना की है।
पंजाब की तरक्की कुछ लोगों को नहीं हो रही बर्दाश्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल और लोग इससे असहज हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई, 67 हजार से अधिक युवाओं को बिना भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दीं, आम आदमी क्लीनिक और स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए तथा सड़क और बुनियादी ढांचे में सुधार किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के समय राज्य में केवल 22 प्रतिशत कृषि भूमि तक नहरी पानी पहुंचता था, जबकि आज यह आंकड़ा 80 प्रतिशत से अधिक हो चुका है।
“करीब 70 वर्षों बाद नहरी पानी किसानों के खेतों तक पहुंच रहा है। किसान अपने खेतों में पानी छोड़ने से पहले अरदास कर रहे हैं। शायद यही कुछ लोगों को सबसे ज्यादा परेशान कर रहा है,” उन्होंने कहा।
DGP को दिए जांच के निर्देश
भगवंत मान ने कहा कि उन्होंने पंजाब के DGP को निर्देश दिए हैं कि इस वीडियो को बनाने, इसकी शूटिंग कराने, इसके लिए धन उपलब्ध कराने और इसे प्रसारित करने वाले हर व्यक्ति की पहचान की जाए।
उन्होंने कहा, “चाहे यह साजिश पंजाब में रची गई हो या दुनिया के किसी भी कोने में, इसमें शामिल सभी लोगों को ढूंढकर संगत और कानून के सामने पेश किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब और नानक नाम लेवा संगत सर्वोच्च हैं और उनका सम्मान हमेशा सर्वोपरि रहेगा। हालांकि उन्होंने लोगों से अपील की कि वे राजनीतिक स्वार्थों के लिए रची जा रही ऐसी साजिशों से सावधान रहें।
पंजाब की सेवा ही मेरा धर्म और कर्तव्य
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनके जीवन का हर पल पंजाब के लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा, “मेरे दिल की हर धड़कन पंजाब के लिए धड़कती है। मैं बिना किसी लालच और निजी स्वार्थ के पंजाब के अधिकारों और हितों के लिए काम करता रहूंगा। मैंने हमेशा श्री गुरु ग्रंथ साहिब, संगत और पंजाब के लोगों की सेवा की है और आगे भी करता रहूंगा।”
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों का प्यार, सम्मान और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह हमेशा जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करते रहेंगे।
अंत में मुख्यमंत्री ने “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के साथ अपना संदेश समाप्त किया।
