चंडीगढ़ः पंजाब यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमिक्स के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. हरप्रीत सिंह ने वाइस चांसलर कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग की चेयरपर्सन डॉ. स्मिता शर्मा पर जाति आधारित भेदभाव और उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी देते डॉ. हरप्रीत सिंह ने बताया कि उनके, उनके एक सहयोगी और पीएचडी छात्र के खिलाफ कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणियां की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी प्रोफेसर पद पर पदोन्नति वर्ष 2024 से लंबित है और इसे जानबूझकर रोका जा रहा है। उनका दावा है कि पदोन्नति मिलने के बाद वे विभाग में वरिष्ठ हो जाएंगे, इसी कारण उनके प्रमोशन प्रोसेस में बाधाएं डाली जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि मई 2024 से अब तक वे यूनिवर्सिटी प्रशासन को कई बार लिखित शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने वाइस चांसलर को ज्ञापन सौंपते हुए चेयरपर्सन के खिलाफ कार्रवाई और अपनी पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की। डॉ. हरप्रीत सिंह ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे वाइस चांसलर कार्यालय के बाहर धरना शुरू करेंगे।
