जोराहटः असम के जोरहाट स्थित वायुसेना स्टेशन पर शनिवार सुबह लैंडिंग के दौरान एक सैन्य विमान क्रैश हो गया। दुर्घटनाग्रस्त विमान एएन-31 मालवाहक विमान था, जिसका इस्तेमाल रसद और सामान की ढुलाई के लिए किया जाता है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एयरबेस के अंदर लैंडिंग के बाद विमान में आग लग गई।
ये हादसा उस समय हुआ जब विमान एयरबेस पर उतरने का प्रयास कर रहा था। दुर्घटना में पायलट के जान गंवाने की आशंका जताई जा रही है। बचाव और राहत कार्य जारी है। भारतीय वायुसेना ने कहा कि मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। हादसा देख एयरबेस में हड़कंप मच गया और राहत कार्य शुरू किया गया। हालांकि वायुसेना के अधिकारियों द्वारा अभी तक विमान में सवार लोगों की स्थिति के बारे में नहीं बताया गया है। वायुसेना के आपातकालीन यूनिट को तुरंत सक्रिय किया गया। सूचना मिली है कि विमान में आग लगने के बाद 2 हिस्सों में टूट गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही एयरबेस की फायर टेंडर गाड़ियों और त्वरित प्रतिक्रिया टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला। आग पर काबू पाने और विमान में सवार चालक दल के सदस्यों व कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तुरंत आपातकालीन बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
इस घटना के बाद भारतीय वायु सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि जोरहाट में आज IAF के एक AN-32 विमान का एक्सीडेंट हो गया। जानकारी मिलने पर आगे की अपडेट दी जाएगी। अधिकारियों द्वारा आग लगने की वजहों की जांच की जा रही है। स्थिति का जायजा ले रहे हैं और जानकारी जुटा रहे हैं।
