उदयपुरः जिले के रवीन्द्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में एक दर्दनाक हादसा होने का मामला सामने आया है। घटना में डॉक्टर की मौत हो गई। बुधवार देर रात कूलर में पानी भरते हुए उन्हें करंट लग गया। मृतक की पहचान डॉक्टर रवि शर्मा के रूप में हुई है जो खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टेड थे।
वह मेडिकल कॉलेज के चेतक सर्किल स्थित पीजी हॉस्टल में अपने चचेरे भाई प्रशांत के पास दो-तीन दिन से रुके हुए थे। बताया जा रहा है कि डॉ रवि शर्मा एमबी हॉस्पिटल में जॉइन करने वाले थे। हादसे के दौरान मृतक डॉक्टर रवि कमरे में अकेले थे। करंट की चपेट में आने के बाद वह जोर से चिल्लाए और बेहोश हो गए। पास के कमरों में रहने वाले दूसरे लोगों ने उन्हें सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें एमबी हॉस्पिटल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कालेज में शोक की लहर है।