बांसवाड़ाः जिले के एक गांव में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां, पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इस बात की जानकारी पुलिस अधिकारी ने दी। इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और दो गुटों के बीच झड़प व आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं।
पुलिस के मुताबिक, मोटा और तमतिया गांव का है। बीती रात गोविंद नामक व्यक्ति किसी पुराने विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से आरोपी के घर गया था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान विरोधी पक्ष के लोगों ने गोविंद पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों और समर्थकों में आक्रोश फैल गया, जिसके चलते उन्होंने आरोपी पक्ष के फूस के घरों और बाड़ों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। इससे स्थिति और बिगड़ गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
