शहडोलः जिले के गांव लालपुर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, आम तोड़ने को लेकर एक महिला को खेत में बुरी तरह पीटा गया। वहीं घटना का वीडियो भी सामने आया है जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देती पीड़ित महिला मीना कुशवाहा ने बताया कि वह अपने पति के साथ खेत पर गई थीं। इसी दौरान खेत में लगे आम के पेड़ से उसने एक आम तोड़ लिया जिसके बाद गांव के कुछ लोगों से इसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने महिला पर हमला कर दिया। पीड़िता मीना कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि कुलदीप पाण्डेय, धर्मेंद्र पाण्डेय, पुष्पेंद्र पाण्डेय और मंजीत पाण्डेय ने उनके साथ गाली-गलौज की और फिर आरोपियों ने हाथ-पैर, लकड़ी और पत्थरों से भी हमला किया, जिससे महिला को गंभीर चोटें आईं। मारपीट में घायल महिला को परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही सिंहपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि महिला की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
