चित्रकूटः चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र में सड़क हादसा हो गया। कर्वी से राजापुर जा रही सवारियों से भरी एक पिकअप गाड़ी जमहिल पुल के पास ऑटो से बचने के चक्कर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। मिली जानकारी के अनुसार टेंपो को बचाने के प्रयास में पिकअप चालक ने वाहन मोड़ा, लेकिन तेज आंधी और बारिश के कारण वह नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी खाई में गिर गई। इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों द्वारा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी निशीकांत राय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया।
वहां डॉक्टर दीपक यादव, डॉ शिवम सिंह ने मरीजों का इलाज शुरू किया गया। वहां हालत गंभीर होने पर संतोषिया, काजल व ज्योति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना में पिकअप सवार कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना के मनकापुर निवासी शुभम (35), भरतकूप के मुकुंदपुर निवासी खुशबू (4), उसका पिता श्रीचंद (30), पत्नी संतोषिया (25), सुखेंद्र (13), कसहाई निवासी ज्योती देवी (25), पहाड़ी थाना क्षेत्र के विनोद कुमार (49), बांदा जिले के मर्का निवासी बदमिया (60), पहाड़ी निवासी लवलेश (30), सरधुवा निवासी शोभा देवी (35), राजापुर निवासी काजल देवी (25), भंभई निवासी रज्जू देवी (6), शीनू (8) घायल हो गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक निशीकांत राय, उपनिरीक्षक राजेश यादव और संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद संतोषिया, काजल और ज्योती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
