कपूरथलाः सुल्तानपुर लोधी विधानसभा क्षेत्र के तलवंडी चौधरियां थाने के तहत आने वाले एक गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नशा तस्कर द्वारा परिवार पर हमला किया गया। इस दौरान दंपति बुरी तरह घायल हो गए हैं और सहम के माहौल में हैं। पीड़ितों ने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी देते पीड़ित महिला ने बताया कि गांव का एक युवक नशा तस्करी का काम करता है और नाबालिग बच्चों को भी मुफ्त में ड्रग्स देकर नशे का आदी बनाता है। उसने बताया कि उसने उसके दोनों बेटों को भी नशे के नर्क में डाल दिया है। उसने अपने एक बेटे को अब नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा है जिसके चलते उन्हें आर्थिक नुक्सान झेलना पड़ रहा है। महिला का आरोप है कि जब वह उसका विरोध करते हैं तो आरोपी युवक उसके घर आकर उन्हें पीटता है और लड़ाई झगड़ा करता है।
महिला के मुताबिक, आरोपी कल रात उसके बेटे को घर से कहीं ले गया। वह उसे ढूंढ रही थी कि आरोपी ने उसे सड़क पर घेर लिया और बुरी तरह पीटा गया। आरोपियों ने उसे गला दबाया और उसके कपड़े फाड़कर रेप करने की भी कोशिश की। महिला का कहना है कि उसे सड़क पर घसीटा गया और श्मशान घाट ले जाने की कोशिश की गई। वह चिल्लाती रही लेकिन किसी ने भी उसकी मदद नहीं की। उक्त युवक इतने नशे में था कि उसे इस बात की परवाह नहीं थी कि मेरी जान भी जा सकती थी। जब पति को घटना के बारे में पता चला, तो उसने आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो उसे भी बुरी तरह पीटा गया। पति के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं और उसके हाथ-पैर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
महिला का आरोप है कि उक्त युवक गांव में खुलेआम हेरोइन बेचता है और जो लड़के नशा नहीं करते उन्हें अपने घर बुलाकर मुफ्त में ड्रग्स देता है। उसका यह भी कहना है कि आरोपी के परिवार वाले भी इस धंधे में उसके पार्टनर हैं और गांव में 15-16 साल के कई नाबालिग बच्चे इसकी लत में पड़ चुके हैं।
पीड़ित का परिवार दिहाड़ी मजदूरी करके गुजारा करता है। महिला ने कहा कि गरीबी और डर के कारण उसकी पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। अब इस घटना के बाद उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और गांव से ड्रग्स को खत्म किया जाए ताकि दूसरी मांओं के बच्चों को बचाया जा सके।
इस बीच, पूरी घटना के बारे में तलवंडी चौधरियां थाने में तैनात ASI हरजिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और पति-पत्नी का MLAR ले लिया गया है। दोनों के बयान लेने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।