हिसारः जिले के अग्रोहा क्षेत्र में दिल्ली-सिरसा नेशनल हाईवे पर रविवार को एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दौरान अचानक पलटते ही उसमें आग लग गई। हादसे में कार सवार 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी मुताबिक, एक कार सिरसा से दिल्ली की ओर जा रही थी। जब वह गांव चिकनवास के पास अग्रोहा क्षेत्र में पहुंची तो ड्राइवर ने कार से नियंत्रण खो दिया जिससे कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह पलटकर रॉन्ग साइड में जा गिरी और कार को आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे को देख राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर साहस दिखाते हुए कार में फंसे सभी 6 लोगों को बाहर निकाला।
आग की लपटों के बीच घायलों को बाहर निकालना काफी मुश्किल भरा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। सभी घायल आग की वजह से काफी झुलस गए। उनका इलाज अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।