नई दिल्लीः राजधानी के साकेत इलाके में शनिवार शाम 5 मंजिला बिल्डिंग गिरने से हड़कंप मच गया जिसमें 2 की मौत हो गई। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह तक 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
वहीं घटना की जानकारी लगते ही प्रशासन और दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची। वहां पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे कोई फंसा न हो। बिल्डिंग गिरने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
जानकारी मुताबिक, महरौली थाना क्षेत्र के सैदुल्लाहजाब इलाके में शाम करीब 7:44 बजे दमकल विभाग को इमारत गिरने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि यह एक पांच मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग थी, जहां कुछ ऑफिस संचालित हो रहे थे। हालांकि शनिवार होने के कारण कई ऑफिस समय से पहले बंद हो चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टलने की भी बात कही जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमों ने तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया। बचाए गए लोगों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। NDRF की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाकर लोगों की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
