नई दिल्ली : जम्मू और कश्मीर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वहीं श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही क्योंकि कश्मीर में ठंड की स्थिति बढ़ गई है और घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे पहुंच गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर की राजधानी में शुक्रवार की रात तापमान और अधिक गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार की रात का तापमान -4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
सोमवार तक और बढ़ेगी सर्दी
मौसम कार्यालय ने कहा कि सोमवार (11 दिसंबर) तक आसमान में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहेगा और रात में तापमान में कुछ डिग्री तक गिरावट आ सकती है। यानी सर्दी और अधिक बढ़ने वाली है। कार्यालय ने कहा कि 12 से 15 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। बर्फीली हवाओं की वजह से तापमान में और अधिक गिरावट होगी।