ऊना/ सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में शुक्रवार को आयोजित युवा संसद प्रतियोगिता में राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना की छात्रा साक्षी स्नातक प्रथम वर्ष को प्रथम पुरस्कार मिला, वहीं महाविद्यालय की छात्रा अनिष्का रायज़ादा स्नातक द्वितीय वर्ष को प्रतियोगिता में छठा स्थान प्राप्त हुआ। इस प्रतियोगिता में हमीरपुर और ऊना जिले से कुल 84 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिसमें ऊना महाविद्यालय के 16 प्रतिभागियों ने भाग लिया था।
राज्य स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन 25-26 मार्च को शिमला में होगा जिसमें राजकीय महाविद्यालय ऊना के 10 छात्रों को चयनित किया गया है।
‘“युवा संसद” युवा छात्रों को संसदीय शैली की बहस, चर्चा और निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में शामिल होने के लिए एक मंच प्रदान करती है। ये आयोजन एक वास्तविक संसद के कामकाज की नकल करते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष जताया है और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर शुभकामनाएं प्रदान की हैं।