ऊना,सुशील पंडित: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना ने भड़ोलियां कलां में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को 1.91 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक छोटा पीस फॉयल पेपर भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 25 सितंबर 2026 की शाम को भड़ोलियां कलां में सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुमित शर्मा निवासी वार्ड नंबर-3 भड़ोलियां कलां, मुकेश कुमार निवासी वार्ड नंबर-9 बसदेहड़ा और राजन वशिष्ट निवासी वार्ड नंबर-1 भड़ोलियां कलां को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.91 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।
इस संबंध में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नशे की सप्लाई के स्रोत और इसके आगे के नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहनता से जांच कर रही है।
जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे की तस्करी या बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।