फिरोजपुरः पंजाब में नशा और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना घलखुर्द पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस का इंस्पेक्टर बलदेव सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए काउंटर इंटेलिजेंस विभाग में तैनात इंस्पेक्टर को हेरोइन और हथियारों के साथ दबोचा। पकड़ा गया आरोपी कानून का रखवाला होकर भी अवैध धंधे में संलिप्त था। पुलिस ने आरोपी के पास से 6 अवैध पिस्तौल, 3 किलो 350 ग्राम हेरोइन और 6 मोबाइल फोन बरामद किए है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, थाना घलखुर्द की पुलिस टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि इंटेलिजेंस विभाग का यह अधिकारी काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है और नशीले पदार्थों के साथ-साथ अवैध हथियारों की सप्लाई में भूमिका निभा रहा है और इंस्पेक्टर बलदेव सिंह i20 कार (PB-05-AC-6517) से मोगा रोड की तरफ जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली और उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन और अवैध हथियार बरामद किए और आरोपी इंस्पेक्टर को काबू कर लिया।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसएसपी भूपिंदर सिंह ने बताया कि घलखुर्द पुलिस को खुफिया तंत्र से पक्की जानकारी मिली थी कि काउंटर इंटेलिजेंस में कार्यरत इंस्पेक्टर बलदेव सिंह काफी समय से नशा तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फिरोजपुर-मोगा रोड पर घेराबंदी की और आरोपी इंस्पेक्टर को उसकी आई20 कार समेत दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर उसके अंदर से भारी मात्रा में हेरोइन, अवैध हथियार और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने बरामद सामान और गाड़ी को कब्जे में लेकर आरोपी इंस्पेक्टर बलदेव सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच का विषय है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध हथियार कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। एसएसपी भूपिंदर सिंह ने स्पष्ट लहजे में कहा कि मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है और आरोपी के पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। जांच के दौरान यदि कोई अन्य पुलिस कर्मचारी या कोई निजी व्यक्ति भी इस काले कारोबार में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ भी बिना किसी रियायत के सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।