मथुराः वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज जी के शिष्य रसिक दुलारी शरण की आश्रम की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना वृंदावन क्षेत्र के गुरु कृपा कुंज की है। कहा जा रहा है कि दीपक रसिक दुलारी ने शुक्रवार सुबह करीब 10.30 बजे चौथी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया, उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें मिलीं। हैरान करने वाली बात यह है कि उनका प्राइवेट पार्ट कटा हुआ था। इमारत से नीचे गिरने के बाद गंभीर हालत में उनको सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस को घटना की जानकारी काफी समय बाद मिली। रसिक को आश्रम से जुड़े लोग ही अस्पताल लेकर पहुंचे थे। रसिक दुलारी का वास्तविक नाम दीपक लोधी था। वह मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया सुसाइड का मामला लग रहा है, उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जएगा। फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।
सवाल यह भी है कि रसिक ने अपने प्राइवेट पार्ट को काटने के बाद आश्रम की चौथी मंजिल से कूद कर आत्महत्या क्यों की। हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगल से पुलिस मामले की जांच कर रही है। उनका शव पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है। घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है, उनके मध्य प्रदेश से मथुरा पहुंचने के बाद ही मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।