जालंधर, ENS: बस्ती अड्डा चौक के पास एचडीएफसी बैंक के एटीएम से पैसे निकाल निकले व्यक्ति से दो बाइक सवार लुटेरों ने पैसे छीन लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक पर फरार होने लगे, लेकिन व्यक्ति ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक को पीछे बैठे आरोपी का हाथ पकड़ लिया और लुटेरों के घबराने से बाइक का संतुलन बिगड़ने से दोनों सड़क पर गिर गए। लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ उनकी मारपीट करने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
रामामंडी के रहने वाले गुरदेव सिंह ने बताया कि वह बस्ती अड्डा चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में पैसे निकालने आया था। पहले एटीएम से पैसे नहीं निकले, जिसके बाद उसने दूसरे एटीएम से 40 हजार रुपये निकाले। नकदी बैग में रखने के दौरान पीछे लाइन में खड़े युवकों ने उस पर नजर रखी हुई थी। जैसे ही उसने पैसे बैग में डालने शुरू किए, आरोपियों ने उससे नकदी छीन ली। लुटेरे बाइक पर भागने लगे तो उसने पीछे बैठे युवक का हाथ पकड़ लिया। वह बाइक के साथ-साथ पीछा करता रहा। बस्ती अड्डा चौक के पास भीड़ देखकर दोनों युवक घबरा गए और बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने दोनों को काबू कर लिया और मारपीट के बाद थाना दो की पुलिस को सूचना दी। थाना दो के जांच अधिकारी एएसआई जर्मनजीत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके कब्जे से अलग-अलग बैंकों के करीब 15 एटीएम कार्ड बरामद हुए हैं और दोनों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।