ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना गगरेट के तहत चलेट में तेज रफ्तार बाइक सवार ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी चालक राजेंद्र कुमार और उसके करीब पांच वर्षीय पोते को चोटें आई हैं। हादसे के बाद बाइक सवार मोटरसाइकिल समेत मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना 23 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे चलेट में हुई। एक पल्सर मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि चालक ने बाइक को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए स्कूटी को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में एक प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ बीएनएस और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार बाइक चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।