चंडीगढ़: विकसित भारत सेवा संकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत जिला शिक्षा कार्यालय, सोनीपत द्वारा एस.एम. हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सोनीपत में जिला स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा देश के निर्माण में युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कौशिक ने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में ऐसी प्रतियोगिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ अपनी प्रतिभा और कौशल को निरंतर विकसित करें तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए आगे आएं। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से अपने विचारों का प्रभावी प्रदर्शन किया, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से व्यक्त किया।