चंडीगढ़: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने वीरवार को हिसार के सिविल अस्पताल बरवाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने मेडिकल स्टॉफ व अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों के उपचार में कोताही और लापरवाही स्वीकार योग्य नहीं है। अस्पताल को केवल रेफरल अस्पताल न बनाकर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का हर संभव लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दिन-रात विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहने चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई, मरीजों की सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार एवं सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए।