मोहालीः ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी के ऑफिस के बाहर आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन के बाद पंजाब और चंडीगढ़ में ईडी की रेड खत्म हो गई। 48 घंटे चली ईडी की कार्रवाई के बाद टीमें 6 गाड़ियों में सवार होकर मोहाली स्थित गमाडा के हेडक्वार्टर से कई कागजात ले गई। हालांकि, इस रेड में अब तक टीम को क्या-क्या मिला, उसके बारे में ईडी अफसरों की ओर से अभी कोई सूचना नहीं दी गई है। जबकि, एजेंसी के सूत्र बताते हैं कि पंजाब के एक आईएएस अधिकारी के घर से करीब ढाई करोड़ कैश, सवा किलो सोना-चांदी और जमीन के कुछ दस्तावेज मिले हैं।
ईडी ने मंगलवार को पंजाब और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर छापा मारा था। तब से टीम की कार्रवाई जारी थी। ईडी ने बुधवार को मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भांजे के घर लुधियाना में भी रेड की थी। वहीं देर रात पंजाब सरकार हाईकोर्ट चली गई है। सरकार ने हाईकोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग की। इस याचिका पर हाईकोर्ट ने ईडी की छापेमारी की निगरानी के लिए वारंट ऑफिसर नियुक्त किया है। वारंट ऑफिसर को मौके पर जाकर छापेमारी की स्थिति देखने और इसकी रिपोर्ट अदालत में पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। वारंट ऑफिसर किसी भी समय छापेमारी वाली जगह पर जाकर निरीक्षण कर सकता है।
उसे वीरवार को ही मामले की स्टेटस रिपोर्ट हाईकोर्ट में सौंपनी होगी। ईडी ने मंगलवार सुबह मोहाली स्थित गमाडा के फेज-8 में मुख्यालय में कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद से ईडी और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवान व अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। ईडी अधिकारियों ने सरकारी रिकॉर्ड खंगालने के साथ गमाडा के अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की। मोहाली दफ्तर के 3 मंजिलों को सील कर रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई गई। इसके अलावा आईएएस अधिकारी राजीव गुप्ता की सेक्टर-19 स्थित कोठी में टीम पहुंची थी।