चंडीगढ़: हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी सेवाओं एवं योजनाओं को आमजन के घर-द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश के 23 जिलों में सितंबर और अक्टूबर 2026 के दौरान व्यापक स्तर पर सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार इन कैंपों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को भी अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का विशेष प्रयास किया जाएगा।
23 जिलों में निर्धारित किया गया विस्तृत कार्यक्रम
सेवा सेतु कैलेंडर के अनुसार प्रदेश के 23 जिलों में कैंप आयोजित किए जाएंगे। इनमें अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हांसी, हिसार, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर शामिल हैं।
गुरुग्राम जिले में नगर निगम मानेसर, नगर परिषद सोहना, गुरुग्राम एवं सोहना ब्लॉक, पटौदी-जटौली मंडी, फर्रुखनगर तथा नगर निगम गुरुग्राम सहित विभिन्न क्षेत्रों को सेवा सेतु कैंप कैलेंडर में शामिल किया गया है। नगर निगम गुरुग्राम क्षेत्र में 6, 7 और 8 अक्टूबर 2026 को सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में निर्धारित सेवा सेतु कैंप की तिथि एवं स्थान की जानकारी प्राप्त कर कैंप में पहुंचें तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित उपलब्ध सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।