गुरुग्रामः पुलिस ने देर रात गुरुग्राम में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार रैकेट के खिलाफ़ कार्रवाई करते हुए रेड की। दरअसल, पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मिलकर सेक्टर 90 के ‘सैफायर 90 मॉल’ में मौजूद 18 स्पा सेंटरों पर रात 10:00 बजे से सुबह 3:00 बजे तक यानी 6 घंटे तक यह संयुक्त अभियान चलाया गया। चेकिंग अभियान में मॉल के अंदर संचालित 18 स्पा सेंटरों पर एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लगभग 30 महिलाओं और 20 पुरुषों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं 8 स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया गंभीर गैर-कानूनी गतिविधियां संचालित होने के पुख्ता सबूत मिले हैं।
पुलिस को सफायर 90 मॉल स्थित स्पा सेंटरों में अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए इस गुप्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई। 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के दल ने जब एक साथ मॉल को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी शुरू की, तो वहां हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान 18 में से 8 स्पा सेंटरों से महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, डिजिटल डेटा, संदिग्ध दस्तावेज और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इन साक्ष्यों के जरिए स्पा सेंटरों के असली मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और इस नेटवर्क को शह देने वाले मददगारों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों से करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष पाए गए। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी की मौजूदगी में महिलाओं से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे किन परिस्थितियों में वहां काम कर रही थीं और क्या किसी गिरोह द्वारा उनसे जबरन यह कार्य करवाया जा रहा था। मौके पर मिले पुरुषों की भूमिका, उनकी मौजूदगी के कारणों और उनके साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। जांच के आधार पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई की प्रारंभिक जांच और जब्ती की प्रक्रिया अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी व एसीपी मुख्यालय-I अभिलक्ष जोशी की देखरेख में संपन्न हुई। एसीपी अभिलक्ष जोशी ने बताया कि एक साथ की गई इस रेड के दौरान 18 में से 8 स्पा सेंटरों में संदिग्ध गैर-कानूनी गतिविधियों के प्रथम दृष्टया सबूत मिले। महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और दस्तावेजी सबूत जब्त किए गए हैं। पकड़ी गईं लड़कियां कहां की की रहने वाली हैं, यहां कैसे पहुंची, कितनी पेमेंट मिलती थी? जैसे सवालों को भी पता किया जा रहा है। स्पा सेंटरों के मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और मदद करने वालों की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।