भोपालः मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर के पास बीती रात मूसलधार बारिश के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के बीच पानी के तेज बहाव में एक कार नाले में बह गई। हादसे में कार सवार 3 बच्चों, 3 पुरुषों और 2 महिलाओं सहित कुल 8 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि बीती रात क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान श्रद्धालुओं से भरी कार नाले में पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई और बह गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते कार और शवों को नाले से बाहर निकालने की कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। नाले में बही कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत-बचाव कार्य संभाला।
बताया जा रहा है कि कार सवार श्रद्धालु नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। मां बगलामुखी मंदिर आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में लखुंदर नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।