जालंधर, ENS: पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने देर रात शहर के विभिन्न थानों की औचक चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिस मुलाजिमों से बातचीत कर थानों में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उन्हें पूरी तनदेही व सख्ती के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही या उल्लंघन सामने आने पर संबंधित मुलाजिम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उनकी अचानक चेकिंग के दौरान थानों में तैनात मुलाजिमों में हड़कंप की स्थिति रही और सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आए। सतिंदर सिंह ने विशेष तौर पर निर्देश दिए कि देर रात भी थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले हर पीड़ित की बात प्राथमिकता के आधार पर सुनी जाए और उसकी समस्या के समाधान के लिए उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य लोगों को बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।