उत्तरप्रदेश: ब्रज के प्रमुख त्योहारों में शामिल राधा अष्टमी को लेकर बरसाना में खास तैयारियां शुरु हो गई है। 19 सितंबर को बरसाना में स्थित प्रसिद्ध लाडली मंदिर में राधा रानी का जन्म उत्सव पूरी भव्यता और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर श्री जी का खास अभिषेक किया जाएगा और कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होगी। पर्व में करीबन 25 लाख श्रद्धालु आ सकते हैं ऐसे में प्रशासन और सरकार ने यातायात, सुरक्षा के लिए खास प्रबंध किए हैं।
7 जोन में बांटा गया मेला क्षेत्र
भीड़ के देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा के हिसाब से बरसाना मेला क्षेत्र में 7 जोन और 20 सेक्टरों को बांटा गया है। 3 हजार पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 155 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरा मेला क्षेत्र की निगरानी रखी जाएगी। वहीं श्रद्धालुओं की मदद करने के लिए 2 खोया-पाया केंद्र और 6 वॉच टावर भी लगाए गए हैं।
चलाया जा रहा चेकिंग अभियान
वहीं सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए, बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने और सुरक्षा के लिहाज से ट्रांसफॉर्मर और पोल को प्लास्टिक की रैपिंग का काम भी किया गया है। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के द्वारा फसाड, लाइटिंग, वॉल पेंटिंग और कपड़ों की सजावट के साथ पूरे बरसाना को नए रुप से सजाया गया है। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की तरफ से भी मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है।
दर्शनों के लिए मिलेंगे लोगों को पास
वहीं जिलाधिकारी ने बताया कि 19 सितंबर को राधा अष्टमी का पर्व बरसाना में धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। हमारी सबसे पहली प्राथमिकता यही है कि बरसाना में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधाएं मिल पाए और वो बिना किसी परेशानी के श्रीजी के दर्शन कर पाएं।
प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। बाहरी श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय निवासियों की सहुलियत का भी खास ध्यान रखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस मौके पर श्री जी के दर्शन कर पाएं इसके लिए प्रशासन ने खास पास भी जारी किए हैं ताकि उन्हें भीड़भाड़ में किसी भी तरह की असुविधा न हो पाए।