फाजिल्काः पंजाब में पिछले कुछ समय से सरकारी इमारतों और प्राईवेट स्कूलों को लेकर धमकी भरे इ-मेल आ रहे है। वहीं आज फिर से जिले के 5 प्राइवेट स्कूलों को बम से उड़ने की ईमेल के जरिए धमकी मिली है। इसके बाद स्कूल प्रशासन द्वारा स्कूल खाली करवा दिए गए हैं। बच्चों को छुट्टी कर दी गई और अभिभावको को अपने बच्चों को ले जाने के लिए कहा गया है। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया है।
पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन के साथ-साथ साइबर सेल की टीम भी पता लगाने में जुटी है कि मेल कहां से आई है। फाजिल्का के आत्मवल्लभ पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल संगीता तिन्ना ने बताया कि स्कूल को बम ब्लास्ट की धमकी भरा मेल मिला है। इसके बाद उनके द्वारा स्कूल में छुट्टी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि करीब 11.12 बजे पर मेल मिली है। पुलिस प्रशासन अपनी जांच में जुटा है।
इसके अलावा सेक्रेट हार्ट कॉन्वेंट स्कूल, होली हार्ट स्कूल, सर्व हितकारी स्कूल, कॉम्फी इंटरनेशनल स्कूल भी धमकी मिली है। फाजिल्का सिटी थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर परमजीत कुमार ने बताया कि फाजिल्का के 5 स्कूलों को बम से उड़ने की धमकी मिली है। इसके बाद उनके द्वारा एंटी सैबोटेज टीम को भी बुला लिया है और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल स्कूल खाली करवा दिए गए हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है ।