जालंधर, ENS: आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया है। ऐसे में आज आप पार्टी मोदी सरकार द्वारा यूपीआई ट्रांज़ैक्शन पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। इस विरोध प्रदर्शन के तहत आप पार्टी आज दोपहर 3 बजे जालंधर में सड़कों पर उतरेगी और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी।
आप नेताओं का कहना हैकि यूपीआई लेनदेन पर शुल्क लगाने के इस कदम से छोटे व्यापारियों और कारोबारियों को भारी नुकसान पहुंचेगा और उनका व्यवसाय तबाह हो सकता है। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार डिजिटल भुगतान को मुफ्त रखने के अपने वादे से पीछे हट रही है, और दुकानदारों पर लगने वाला यह शुल्क आगे चलकर उपभोक्ताओं के लिए भी प्रत्यक्ष लागत बन जाएगा।
हालांकि इस मामले को लेकर भाजपा और सरकार का कहना है कि यह एमडीआर चार्ज केवल बड़े मर्चेंट पेमेंट्स (व्यापारिक भुगतानों) पर है और इसे सिर्फ मर्चेंट (दुकानदारों) द्वारा वहन किया जाएगा, आम जनता या ग्राहकों की जेब पर इसका कोई बोझ नहीं पड़ेगा। भाजपा नेताओं का तर्क है कि यूपीआई प्लेटफॉर्म को लंबे समय तक आर्थिक रूप से मजबूत और सुचारू रूप से चलाने के लिए एक व्यावहारिक राजस्व मॉडल जरूरी है, और इससे 96% सामान्य लेन-देन अप्रभावित रहेंगे।