नई दिल्लीः पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर इलाके में संदिग्ध हालत में रविवार सुबह एक युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गिरने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के किशनगंज पिपला गांव निवासी दीपक के रूप में हुई है। दीपक गांधी नगर में कपड़ा सिलाई की फैक्टरी में काम करता था।
दीपक नग्न अवस्था में तीसरी मंजिल से नीचे गिरा है। खुदकुशी की है या किसी ने धक्का दिया है। पुलिस अभी पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना का सच सामने आएगा। घटना के बाद इलाके में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और फॉरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर आई चोटों की प्रकृति को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।