जकार्ताः इंडोनेशिया में 240 लोगों को लेकर जा रहे एक यात्री पोत से जावा सागर में संपर्क टूटने के बाद रविवार को बड़े पैमाने पर तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। जिसकी अधिकारियों ने जानकारी दी। दक्षिण कालीमंतान प्रांत की राजधानी बंजर्मासिन स्थित तलाश एवं बचाव कार्यालय के अनुसार ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ से उस समय संपर्क टूट गया, जब वह पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से बंजर्मासिन की ओर जा रहा था। सुराबाया इंडोनेशिया का दूसरा सबसे बड़ा शहर है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पोत से आखिरी बार उस समय संपर्क हुआ था, जब वह जावा सागर में बंजर्मासिन के एक घाट से करीब 148 किलोमीटर दूर था। अधिकारियों ने बताया कि पोत पर 240 लोग सवार हैं। संपर्क टूटने की सूचना मिलने के बाद तलाश एवं बचाव दलों को सक्रिय किया गया है और पोत का पता लगाने के लिए समुद्री क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल पोत के संपर्क से बाहर होने के कारणों और उसमें सवार यात्रियों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। बचावकर्मी पोत की लोकेशन का पता लगाने और उसमें सवार लोगों तक पहुंचने के प्रयास में जुटे हैं।