चंडीगढ़: राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सड़क निर्माण में घटिया स्तर की सामग्री के इस्तेमाल और फंडों के दुरुपयोग के कारण सरकारी खजाने को 2.62 लाख रुपये का वित्तीय नुकसान पहुंचाने के आरोप में सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार तथा नगर परिषद मानसा के संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला वार्ड नंबर 5, नई कचहरी रोड, मानसा के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। नगर परिषद मानसा द्वारा नई कचहरी रोड, मानसा स्थित ‘गगोवाल वाली गली’ से लेकर मानसा खुर्द में नगर परिषद की सीमा तक जाने वाली सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर जारी किया गया था।
उन्होंने बताया कि मानसा के उपायुक्त के आदेश पर सड़क की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई थी। इस जांच के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट में इस्तेमाल की गई सामग्री में निर्धारित दबाव सहने की आवश्यक क्षमता नहीं पाई गई। इस संबंध में आरोपी कर्मचारियों और ठेकेदार के विरुद्ध विजिलेंस ब्यूरो थाना, बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।