ऊना,सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला की निरीक्षण टीम द्वारा आज आवास्थी कॉलेज ऑफ लॉ, नालागढ़ का शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.ए. एलएल.बी. एवं एलएल.बी. पाठ्यक्रमों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण टीम में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विधि विभाग से प्रो. (डॉ.) संजय सैंधू, प्रो. (डॉ.) रूना मेहता एवं डॉ. गीतिका सूद शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा महाविद्यालय में उपलब्ध भौतिक अवसंरचना, कक्षाओं, पुस्तकालय, कंप्यूटर एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं तथा मूट कोर्ट, लीगल एड क्लिनिक, क्लिनिकल लीगल एजुकेशन, अकादमिक गतिविधियों एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम एवं अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम ने इन सभी व्यवस्थाओं का मूल्यांकन हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप किया।
निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों से भी संवाद किया और उनसे महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था, पाठ्यक्रम संबंधी गतिविधियों तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण प्रक्रिया के दौरान महाविद्यालय के चेयरमैन चंदर शेखर अवस्थी, निदेशक ऋषव अवस्थी, रजत अवस्थी एवं प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र कुमार जोध्टा ने निरीक्षण टीम का मार्गदर्शन किया तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं अभिलेख प्रस्तुत किए।
महाविद्यालय प्रबंधन ने निरीक्षण टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विश्वविद्यालय एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्धारित मानकों के अनुरूप शैक्षणिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।