चंडीगढ़: प्रदेश के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर सेवा, नवाचार और परिणाम से जोड़ा जाएगा। अभियान के तहत उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से जुड़े नेशनल इनोवेशन चैलेंजेज के माध्यम से प्रदेश के युवाओं, स्टार्टअप्स और नए विचार रखने वालों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
डॉ. अरविंद शर्मा ने बुधवार को चंडीगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर उद्योग एवं वाणिज्य तथा एमएसएमई विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को हमेशा सर्वोपरि रखा है। उनका स्पष्ट संदेश रहा है कि शासन और राजनीति का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य पर हमेशा भरोसा किया है। स्टार्टअप, कौशल, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार तलाशने वाला ही नहीं, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला बनने के लिए प्रेरित किया गया है।
जन्मदिवस को सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ें
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस केवल शुभकामनाएं देने या उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का अवसर है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रत्येक कार्यक्रम का वास्तविक लाभ समाज तक पहुंचना चाहिए।