7 वर्षों से नहीं है बिजली की सुविधा
सीतापुरः उत्तर प्रदेश के सीतापुर में घर में बिजली नहीं होने को लेकर 8 वर्षीय छात्रा ने वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया। दरअसल, छात्रा ने स्कूल जाते समय वीडियो बनाया, जिसमें उसने रोते हुए डीएम से घर में बिजली पहुंचाने और रास्ता बनवाने की गुहार लगाई। छात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्रा ने कहाकि “डीएम अंकल, हमें बिजली दिला दीजिए…।” यह मासूम गुहार महमूदाबाद क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी के उन बच्चों की है, जो रोजाना बदहाल रास्तों से गुजरकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। दरअसल, महमूदाबाद के आदर्श नगर बेहटा छावनी में 12 परिवार रहते हैं।
इनमें अधिकांश प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी हैं, लेकिन विडंबना यह है कि पक्के घर मिलने के बावजूद कॉलोनी आज भी बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। बताया जा रहा हैकि यहां 7 वर्षों से बिजली नहीं है। पूरे इलाके में सिर्फ एक परिवार के पास विद्युत कनेक्शन है। यहां रहने वाली आयत फातिमा, डॉन बॉस्को इंटर कॉलेज में कक्षा दो की छात्रा हैं। वह आईसीएसई बोर्ड से पढ़ाई कर रही हैं। उसके पिता जुबैर ऑटो रिक्शा चलाते हैं। परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला हुआ है।
बच्चों का कहना है कि कॉलोनी में अंधेरा रहने के कारण पढ़ाई प्रभावित होती है, जबकि बरसात में कीचड़ भरे रास्तों से स्कूल पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं होता। आयत के मुताबिक, मोहल्ले में करीब सात साल से बिजली की सुविधा नहीं है। इसी समस्या को लेकर उसने वीडियो बनाकर डीएम से मदद की अपील की है। आयत के पिता जुबैर का कहना है कि कनेक्शन देने के नाम पर बिजली विभाग द्वारा करीब 60 हजार रुपये का एस्टीमेट मांगा जा रहा है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कनेक्शन लेना मुश्किल है। अब मासूम की गुहार वाला वीडियो वायरल होने के बाद लोगों को प्रशासन से बिजली और रास्ते की समस्या दूर होने की उम्मीद है।