शिमला: प्रदेश सरकार के प्रभावी कदमों से स्वास्थ्य क्षेत्र सुदृढ़ हो रहा है और हिमाचल, देश का स्वास्थ्य हब बनकर उभर रहा है। राज्य में प्रशिक्षित एलाइड एवं स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विशेष चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने हमीरपुर में एलाइड एवं स्वास्थ्य सेवा महाविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है।
वर्तमान में आईजीएमसी शिमला और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में रेडियोलॉजी, एनेस्थीसिया, लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी और डायलिसिस टेक्नोलॉजी जैसे एलाइड एवं हेल्थकेयर पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। शैक्षणिक बुनियादी अधोसंरचना के विस्तार और नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत से उभरते तथा विशेष चिकित्सा क्षेत्रों में स्वास्थ्य पेशेवरों को प्रशिक्षित करने की राज्य की क्षमता में और वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर में एलाइड एवं स्वास्थ्य सेवा महाविद्यालय तथा आईजीएमसी शिमला और डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में बैचलर ऑफ रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम की शुरुआत से राज्य के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रशिक्षण के अवसरों में उल्लेखनीय विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि सरकार उभरते स्वास्थ्य क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षा की बुनियादी अधोसंरचना को निरंतर मजबूत कर रही है ताकि हिमाचल प्रदेश के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उनके घर द्वार के निकट उपलब्ध हो।