शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेजों के बी.टेक. के 44 मेधावियों को जापान के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक भ्रमण-2026 के लिए वर्चुअल माध्यम से रवाना किया और विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अभिनव पहल को आगे बढ़ाते हुए अब बी.टेक. के मेधावी विद्यार्थियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक्सपोजर प्रदान किया जा रहा है। सरकार कौशल शिक्षा से लेकर उच्च तकनीकी शिक्षा तक विद्यार्थियों को वैश्विक अनुभव प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

इस यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस, उन्नत विनिर्माण, नवाचार और आधुनिक परिवहन प्रणालियों का अनुभव मिलेगा। इसके अलावा विद्यार्थी जापान की अनुशासित जीवनशैली, विरासत, कार्य संस्कृति और तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी प्राप्त करेंगे। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कार्यभार संभालने के उपरांत विद्यार्थियों को नवाचारों, तकनीकों और वैश्विक कार्यप्रणालियों से परिचित करवाने पर विशेष बल दिया है।

सुक्खू ने कहा कि विद्यार्थी जापान से अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति का नया अनुभव प्राप्त करेंगे जिससे वह और अधिक आत्मविश्वासी बनेंगे। मुख्यमंत्री ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी के रूप में वह पहली बार दिल्ली गये थे, जबकि आज आपको जापान जाने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि जापान की एक्सपोजर विजिट विद्यार्थियों को यादगार अनुभव प्रदान करेगी और उन्हें नई चीजें सीखने का अवसर मिलेगा।