पंचकूलाः जिले के पिंजौर की विश्वकर्मा कॉलोनी में आवारा कुत्तों का कहर देखने को मिला। जहां आवारा कुत्ते ने 7 वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे की पहचान मोहम्मद सेहरान के रूप में हुई है। घटना के बाद घायल मोहम्मद को परिजन उपचार के लिए कालका अस्पताल ले गए। मामले की जानकारी देते हुए बच्चे के पिता मोहम्मद गुलफाम ने बताया कि उनका बेटा सुबह घर के बाहर गेट के पास खड़ा था।
तभी अचानक एक कुत्ता वहां आया और बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्चे की पीठ पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गया। बच्चे की चीख सुनकर परिवार के लोग तुरंत बाहर आए। उन्होंने किसी तरह बच्चे को कुत्ते से बचाया। परिजन बच्चे को तुरंत कालका अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज करवाया गया। बताया जा रहा है कि जिस कुत्ते ने बच्चे पर हमला किया, वह किसी व्यक्ति का पालतू कुत्ता है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि इलाके में पहले से ही आवारा कुत्तों की समस्या है। इसके बावजूद कुछ लोग अपने पालतू कुत्तों को भी खुले में गलियों में छोड़ देते हैं। इससे बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को खतरा रहता है। लोगों ने प्रशासन से कुत्तों की समस्या पर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि पालतू कुत्तों को खुले में छोड़ने वाले मालिकों पर भी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।