फगवाड़ाः शहर में लूट और चोरी की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। जिसकी वजह से आम लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। फगवाड़ा के बस स्टैंड पर लूट का ऐसा ही एक और मामला सामने आया है, जहां पोती की दवा लेने जा रही महिला का पर्स एक्टिवा सवार छीनकर मौके से फरार हो गया। मामले संबंधी जानकारी देते हुए पीड़ित महिला मनजीत कौर ने बताया कि वह अपनी पोती की दवा लेने के लिए आज फगवाड़ा आई थी।
दवा लेने के बाद जब वह वापस स्टैंड पहुंची तो उसी दौरान एक नौजवान सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार होकर आया और कुछ सैंकंड में उसका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गया। मनजीत कौर के मुताबिक पर्स में उसकी पोती की जरूरी दवाइयां, मोबाइल फोन और हजारों रुपये नकद मौजूद थे। वहीं लोगों द्वारा लूट की घटना सामने आने से बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति ने कल एक और महिला का पर्स छीनकर भाग गया था और आज फिर उसी व्यक्ति ने एक और महिला का पर्स छीन लिया, जिसका पीछा भी किया गया लेकिन वह भागने में कामयाब हो गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उक्त व्यक्ति को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। दूसरी ओर, महिला ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए उक्त नौजवान को जल्द पकड़ने और हुए किसी भी नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।