वीडियो जारी कर कहा- अब जंगल में एक ही शेर राज करेगा
लुधियानाः साहनेवाल के नवां गांव के शिकायतकर्ता बाग हुसैन के मुताबिक, 1 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे वह अपने 30 वर्षीय भाई सदाम हुसैन के साथ घर के पास स्थित प्लॉट में भैंस चरा रहा था। इसी दौरान कोटला अफगाना रोड की तरफ से एक स्कॉर्पियो (PB32H7411) वहां पहुंची। आरोप है कि गाड़ी में सवार बदमाशों ने सदाम हुसैन को पकड़ा और धक्का देकर स्कॉर्पियो में बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे लेकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद 2 वीडियो और सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। एक वीडियो में स्कॉर्पियो में कुछ युवक कारोबारी के भाई को बिठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं।
वहीं, दूसरे वीडियो में युवक को किडनैप करने के बाद बदमाशों ने इसके भाई को फोन कर कहता है कि आज एक ही काम है… या तो सिर देकर जाना है या लेकर जाना है। अब जंगल में एक राजा होगा। इस घटना को लेकर भाई की शिकायत के आधार पर थाना साहनेवाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी जान पहचान के ही हैं। फोन करते वीडियो में बदमाश ने कहाकि हेलो… मैं साहनेवाल में हूं। यार तुम्हारे ही पुराने रिश्तेदार हैं, मिलने आए हैं। लेकिन तेरे पास ही हूं, कहीं जा नहीं रहा।
आज तुझसे मिलना ही है। जिसके बाद धमकी देते हुए कहा, आज एक ही काम है… या तो सिर देकर जाना है या लेकर जाना है। इस जंगल में अब एक ही शेर राज करेगा। तेरे पीछे ही हूं। तुझे छोड़ूंगा नहीं। या तो जेल जाना पड़ेगा या कब्र में जाना पड़ेगा। चाहे खुद बर्बाद हो जाऊं, लेकिन तुझे नहीं छोड़ूंगा। वहीं पहली सीसीटीवी फुटेज में सड़क किनारे एक स्कॉर्पियो आती दिखाई देती है। इसके बाद कुछ लोग युवक को गाड़ी की तरफ ले जाते नजर आते हैं। इसके बाद स्कॉर्पियो वहां से निकल जाती है। दूसरी सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक स्कॉर्पियो के पास खड़े दिखाई देते हैं और वीडियो में एक गाना भी चलता सुनाई देता है। गाने में कहा जाता है- ‘इक कहने उते गोलियां चला दिंदे ने…’। वीडियो में एक युवक के हाथ में डंडा भी नजर आ रहा है, जबकि अन्य लोग गाड़ी के आसपास मौजूद हैं।
दबंगई दिखाते रहेः इसी वीडियो में बाकी युवक भी मूछों को ताव देते हुए अपना दबदबा दिखाते नजर आते हैं। 4-5 युवक गाड़ी से डंडे, फरसे और कई हथियार निकालते दिखते हैं। साहनेवाल थाना पुलिस के अनुसार, पुलिस तीनों वीडियो और धमकी के एंगल की भी जांच कर रही है। शिकायत के आधार पर पम्मा मुस्तफा निवासी रामपुर, आशिक अली निवासी भोरां नवांशहर, ताजदीन, लियाकत अली निवासी कनेच रोड साहनेवाल, जाकिर हुसैन, माम हुसैन, अरमान निवासी माहलो नवांशहर और मोहम्मद शरीफ निवासी कुहाड़ा रोड को नामजद किया है। मामले में 4 से 5 अज्ञात लोगों का भी जिक्र है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही अगवा किए गए सदाम हुसैन को भी ढूंढने के लिए छापेमारी की जा रही है।