पिंजौरः पिंजौर-नालागढ़ रोड पर स्थित लोहगढ़ आंचल विहार में राजपाल बुक डिपो की दुकान में लगी जुगाड़ू लिफ्ट में गर्दन फंसने से दुकान में काम करने वाले एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय (45) निवासी वासुदेवपुरा गोकुल कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद जांच पड़ताल कर रही है।
बुधवार शाम करीब 4 बजे संजय सामान लेकर लिफ्ट के जरिए पहली मंजिल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी गर्दन ऊपर लगे लेंटर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर लिफ्ट के अंदर ही बेसुध हो गए।
घटना का पता चलते ही दुकान के अन्य कर्मचारियों और मालिक गुलशन ने उन्हें तत्काल पिंजौर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें पंचकूला सेक्टर-6 स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बुक स्टोर पर काम करने वाला एक व्यक्ति लिफ्ट में हादसे का शिकार होकर बेसुध हो गया है।