जालंधर, ENS: शहर में अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह 11 बजे तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। वहीं मौसम विभाग द्वारा भी बारिश को लेकर आज पंजाब के कुछ जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में 1 से 7 सितंबर के बीच कई जगहों पर बारिश के आसार है। खासकर 2 और 3 सितंबर को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 2 से 5 सितंबर के दौरान पंजाब में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
वहीं जालंधर के अलावा पठानकोट में भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने पंजाब के 14 जिलों में बुधवार को बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। वहीं, चंडीगढ़ में बादल छाए रहने के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
वहीं, गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में भी एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 सितंबर को पंजाब में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। पंजाब के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में 2 सितंबर को मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली) और फतेहगढ़ साहिब में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। अमृतसर, तरनतारन, जालंधर और कपूरथला में भी बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।