चंडीगढ़ः पंजाब के अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। आप पार्टी द्वारा चमकौर साहिब का हलका इंचार्ज बनाए गए जसवीर सिंह गढ़ी ने अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया है। इसका खुलासा उन्होंने खुद आज चंडीगढ़ में किया है। हालांकि उन्होंने बताया कि उन्होंने पद से इस्तीफा 26 अगस्त की शाम को ही दे दिया था। 27 अगस्त को पार्टी ने उन्हें चमकौर साहिब का हलका इंचार्ज घोषित किया।
वहीं अपने इस्तीफे के बारे में जानकारी देते हुए जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि उन्हें चमकौर साहिब का हलका प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके लिए वो आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करते हैं। दरअसल, चमकौर साहिब को पंजाब के पूर्व सीएम और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का सियासी गढ़ माना जाता है। आप के इस फैसले को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा दांव माना जा रहा है।
जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा, “पिछले 72 घंटों में कई घटनाक्रम हुए हैं, जिनमें सबसे अहम पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग से जुड़ा है। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान लंबे समय से इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि मेरे जैसे जमीनी स्तर के कार्यकर्ता को पंजाब की राजनीति में आगे लाया जाना चाहिए। इसी सिलसिले में, मैंने 26 तारीख को पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।”