पंचकूलाः हरियाणा के पंचकूला में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। पंचकूला की मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. मुक्ता कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जिले में फिलहाल स्वाइन फ्लू का केवल एक मामला सामने आया है। संक्रमित व्यक्ति पंचकूला का रहने वाला है और उसकी जांच चंडीगढ़ में हुई थी। सीएमओ के अनुसार, मरीज की स्थिति फिलहाल सामान्य है और उसका उपचार घर पर ही चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
स्वाइन फ्लू का मामला सामने आने के बाद विभाग ने एहतियात के तौर पर अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को अलग रखकर उपचार दिया जा सके। डॉ. मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर से संपर्क करें। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी में चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
वहीं, पंचकूला में डेंगू का भी एक मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फिलहाल डेंगू का भी केवल एक ही मामला दर्ज हुआ है। विभाग की ओर से दोनों बीमारियों को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोगों को सतर्क रहते हुए लक्षण सामने आने पर समय रहते जांच और उपचार करवाना चाहिए।