पंचकूलाः ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने विशेष रूप से वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म तथा अन्य यातायात नियमों की उल्लंघना के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि आज सुरजपुर ट्रैफिक टीम द्वारा पिंजौर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक टिप्पर को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान टिप्पर के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई पाई गई। इसके अलावा वाहन में अन्य यातायात नियमों का भी उल्लंघन पाया गया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर ही ब्लैक फिल्म उतरवाई गई तथा टिप्पर का कुल 32 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके साथ ही टिप्पर को इंपाउंड कर दिया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि वाहनों के शीशों पर नियमों के विरुद्ध काली फिल्म लगाना केवल यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती है। नाकाबंदी और सुरक्षा जांच के दौरान वाहन के अंदर स्पष्ट दिखाई देना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।