मेरठः रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर मिठाइयों में खपाने के लिए तैयार किए जा रहे मिलावटी मावे को खाद्य सुरक्षा विभाग ने जब्त किया है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में परतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सौलाना में छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस बल के सहयोग से गांव में 3 स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि खोया बनाने में स्किम्ड मिल्क पाउडर (एसएमपी), वनस्पति, विजातीय वसा और सोडियम बाइकार्बोनेट का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा था।
मौके से विभिन्न ब्रांडों का लगभग 577 किलो एसएमपी बरामद किया गया, जिसे सीज कर खाद्य कारोबारकर्ता की अभिरक्षा में सौंपा गया है। छापेमारी के दौरान तीनों स्थानों पर अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा हुआ मिलावटी खोया भी मिला। विभाग ने जेसीबी की मदद से लगभग 2400 किलो मिलावटी खोया मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने खोया के 4, वनस्पति घी का एक, केमिकल के दो और स्किम्ड मिल्क पाउडर के तीन अलग-अलग ब्रांडों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। सभी नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला भेजा गया है। इस मामले में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम और बीएनएस के प्रावधानों के तहत परतापुर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। मेरठ के क्षेत्रीय अधिकारी सत्येंद्र सिंह तोमर (एफएसओ) ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।