अमृतसरः पंजाब के कैबिनेट मंत्री और लोक निर्माण विभाग से संबंधित मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने बठिंडा जिले के गांव कोटभारा से रामगढ़ भुंदर तक बन रही सड़क को लेकर सामने आए वीडियो पर स्पष्टीकरण देते हुए शिरोमणि अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया को खुला चैलेंज दिया है। मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा करीब 45,000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और सुधार करवाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि यह काम पारदर्शिता और मजबूती से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व गलत तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। बठिंडा जिले की कोटभारा से रामगढ़ भुंदर वाली सड़क संबंधी भी ऐसी ही वीडियो सामने आई है।
हरभजन सिंह ई.टी.ओ. के मुताबिक यह कोई नई सड़क नहीं थी, बल्कि पहले से बनी सड़क पर प्री-मिक्स (PC) डालने का काम किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि 18 तारीख को सड़क पर PC डाली गई थी, पर काम अभी पूरा नहीं हुआ था। उनके आरोप के अनुसार अगले ही दिन अधूरे काम वाली सड़क का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। मंत्री ने कहा कि सड़क बनने के बाद मटेरियल को सेटल होने में समय लगता है और फाइनल काम पूरा होने से पहले इस तरह का वीडियो बनाना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली नेताओं द्वारा इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करके सरकार को बदनाम करने की कोशिश की गई।
हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने हरसिमरत कौर बादल और बिक्रम मजीठिया को खुला चैलेंज देते हुए कहा कि वे 11 बजे मौके पर पहुंचें और अगर सड़क हाथ से खोदकर दिखा दें तो तुरंत ठेकेदार या जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर सड़क हाथ से नहीं खोदी जा सकती तो गलत वीडियो बनाने और डालने वालों को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। मंत्री ने इलाके में बनी अन्य सड़कों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक मैसरखाना से गुरुद्वारा तित्तरसर साहिब, दाना मंडी भाई भखतौर से रेलवे स्टेशन मैसरखाना, BSBK रोड से रामगढ़, कुत्तीवाल खुर्द से दिह गांव और BSBK रोड से कोटभारा तक भी सड़कें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी काम पूरा होने से पहले उसमें दखलअंदाजी करना सरकारी काम में बाधा डालने के बराबर है और गलत वीडियो के माध्यम से सरकार को बदनाम करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारों द्वारा 1984 के सिख नरसंहार और सज्जन कुमार से संबंधित सवाल पूछे जाने पर हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी नरसंहार की वे कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग इस मामले में दोषी थे, उन्हें सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पत्नी से संबंधित एक मामले के बारे में नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन द्वारा DGP से जवाब मांगे जाने के बारे में पूछे सवाल पर मंत्री ने आरोपों को झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि किसी रेप केस या रेपिस्ट को बचाने की कोई कोशिश नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अगर किसी अथॉरिटी द्वारा जवाब मांगा गया है तो सरकार की ओर से जवाब दिया जाएगा। अमृतसर में गोल्डन गेट से आगे बन रहे पुल के बारे में मंत्री ने कहा कि यह पुल बहुत महत्वपूर्ण है और यहां पहले कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सुल्तानविंड वाला पुल पूरा हो चुका है, जबकि चाटीविंड वाला पुल भी चालू है।
न्यू अमृतसर के बाहर बन रहे पुल के बारे में उन्होंने कहा कि काम तेजी से चल रहा है और ठेकेदार द्वारा शिफ्टों में काम किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह काम 4 से 5 महीनों के अंदर पूरा कर दिया जाएगा। बारिशों के कारण सड़कों पर पैच वर्क की जरूरत संबंधी सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि बारिश के मौसम में गिट्टी या PC डालने का काम कुछ समय के लिए रोकना पड़ता है, क्योंकि इस मौसम में गिट्टी डालने से सड़क की मजबूती प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल होने पर जहां भी संभव होता है, वहां काम शुरू करवा दिया जाता है। उन्होंने बताया कि सितंबर, अक्टूबर और नवंबर के दौरान सड़कों के काम में तेजी लाई जाएगी। मंत्री ने कहा कि गिट्टी डालने के अलावा पत्थर डालने और अन्य काम जारी हैं। गिट्टी वाला काम बारिशों का सीजन खत्म होने के बाद पूरा किया जाएगा।

