हिसारः हरियाणा के हिसार में गुरुवार दोपहर कोर्ट परिसर के बाहर गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पार्किंग एरिया में हुई इस वारदात के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अब लॉरेंस गैंग के नाम से वायरल पोस्ट ने इस मामले में सस्पेंस बढ़ा दिया है।
वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। हालांकि वायरल पोस्ट की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है। पोस्ट में लिखा गया कि विनोद पानू की हत्या कथित तौर पर हिमांशु सोनीपत के जरिए कराई गई। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि विनोद पानू विरोधी गुटों के संपर्क में था और इसी कारण उसे निशाना बनाया गया। पोस्ट के अंत में लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, जितेंद्र गोगी ग्रुप और अन्य गैंग से जुड़े नाम भी लिखे गए हैं।
घटना के बाद अधिवक्ताओं ने अदालत परिसर की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई. एक वकील ने बताया कि जिस मामले में संबंधित पक्ष कोर्ट पहुंचे थे, उसमें महत्वपूर्ण सुनवाई होने की संभावना थी। उन्होंने कहा कि अदालत जैसे संवेदनशील परिसर में खुलेआम गोलीबारी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। वकीलों का कहना है कि जिला प्रशासन को अदालत परिसरों में निगरानी और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
हिसार के एएसपी मयंक मुद्गिल ने बताया कि घटना में करीब 14 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की सहायता से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

