पंचकूलाः पिंजौर में होटल के पास ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट करके 30 हजार रुपये कैश लूटने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से कार में फरार हो गए थे। मिली जानकारी के मुताबिक कैथल जिले के मटौर निवासी रमेश कुमार ट्रक चलाते हैं। वह अपने कंडक्टर अजय के साथ महाराष्ट्र से केलों से भरा ट्रक लेकर मल्लेरकोटला सब्जी मंडी पहुंचे थे। माल खाली करने के बाद उन्हें करीब 55 हजार रुपये किराया मिला था। रमेश के मुताबिक, करीब 2 हजार रुपये परिवार के खाते में जमा कराने और कुछ रकम खर्च करने के बाद 30 हजार रुपये नकद उनके पास बचे थे।
रमेश और उसका कंडक्टर पिंजौर की तरफ अगला माल भरने के लिए जा रहे थे। देर रात करीब 1:30 बजे न्यू शिवालिक होटल के पास उन्होंने खाना खाने के लिए ट्रक रोका। कंडक्टर को खाना लेने भेजकर रमेश खुद ट्रक में लेट गया। इसी दौरान आरोप है कि दो युवक ट्रक की कंडक्टर साइड की खिड़की खोलकर अंदर घुस आए।
आरोप है कि युवकों ने ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की और उसकी जेब से करीब 30 हजार रुपये जबरदस्ती निकाल लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी सड़क पर खड़ी एक सफेद कार में बैठकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू हुई।
पुलिस ने इस मामले में पंचकूला के पिंजौर की धर्मपुर कॉलोनी निवासी अनिल और कालका की खुराना कॉलोनी निवासी रजत उर्फ मोंटी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार रजत उर्फ मोंटी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस वारदात में उनके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। पिंजौर में देर रात ट्रक ड्राइवर के साथ हुई इस लूट ने एक बार फिर रात के समय हाईवे और होटल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

