चंडीगढ़ः पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी पारा लगातार बढ़ रहा है। वहीं आज कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा, जब कांग्रेस की पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्ठल का भतीजा आप पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया की अगुवाई में आप पार्टी शामिल हो गया। दरअसल, पूर्व सीएम का भतीजा हैनरी सिद्धू को मनीष सिसोदिया, बलजेत पन्नू और कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल की अगुवाई में आप पार्टी में शामिल किया गया। हैनरी के आप पार्टी में शामिल होने से सियासी हलचल तेज हो गई है।
सनमीक सिंह ने कहा कि वह पिछले 20 वर्षों से कांग्रेस में बिना किसी स्वार्थ के काम कर रहे थे। कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा के हालिया बयान से उन्हें झटका लगा, जिसमें एक परिवार को दो से चार टिकट देने की बात कही गई थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया। सनमीक सिंह ने कहा कि राजिंदर कौर भट्ठल मेरी चाची हैं।
मैंने पिछले 20 वर्षों से बिना किसी स्वार्थ के कांग्रेस के लिए काम किया है। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी मुझे PCC का सदस्य बनाया था। आज जो लोग हमारे साथ खड़े हैं, वे हमारे साथ जुड़ी तीसरी पीढ़ी हैं। सनमीक सिंह ने कहा कि हम आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित हैं। यहां कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान मिलता है। इसी वजह से मैंने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया है।
बता दें कि चुनावों से पहले पार्टी के नेताओं का पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टियों में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। एक और कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह भी लगातार बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि कांग्रेस नेता अंदरूनी कलह को दरकिनार कर रही है, लेकिन पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और सासंद चरणजीत सिंह चन्नी गुट में विवाद लगातार जारी है। यही कारण है कि दोनों नेता एक दूसरे के साथ पार्टी के कार्यक्रम में एक-साथ दिखाई भी नहीं दे रहे। दोनों गुटों में पोस्टर विवाद लगातार जारी है। हालांकि हाईकमान के हस्ताक्षेप के बाद अब पोस्टर विवाद थमा हुआ है।

