पूर्व प्रधान ज्ञान चंद की माता का जाना कुशलक्षेम
उनाः बंगाणा, कुटलैहड़ क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना का दौरा कर उपचाराधीन मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत समूर कलां के पूर्व प्रधान ज्ञान चंद की माता जो अस्वस्थ होने के कारण क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचाराधीन हैं, से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। विधायक ने सभी अस्पताल में उपलब्ध उपचार सुविधाओं तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की भी जानकारी ली।
शर्मा ने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाला प्रत्येक व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का हकदार है। मरीज और उनके परिजन पहले से ही बीमारी और परेशानी से जूझ रहे होते हैं, ऐसे में अस्पताल में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जिला मुख्यालय अस्पताल के स्टाफ के साथ की बैठक
जिला अस्पताल ऊना के दौरे के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने जिला मुख्यालय के अस्पताल स्टाफ एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय सेवाओं, सफाई व्यवस्था, मरीजों की समस्याओं तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं शर्मा ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक जांच और उचित मार्गदर्शन मिलना चाहिए। सरकारी अस्पताल आम जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र हैं और यहां आने वाले लोगों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मरीजों की शिकायतों को गंभीरता से लेने तथा समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे तौर पर आम जनता को प्रभावित करती है, इसलिए अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता के साथ निभाएं।
जनता को चाहिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, ढुलमुल रवैया नहीं चलेगा
बैठक के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने अस्पताल स्टाफ को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है और इसे सुनिश्चित करना विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार होना चाहिए, शर्मा ने कहा कि मरीजों को इलाज करवाने के लिए अस्पताल में घंटों अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और उन्हें अपनी समस्या के समाधान के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े, इसके लिए व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाना जरूरी है, उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार का ढुलमुल रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार निगरानी जरूरी
शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना केवल सरकार या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार के साथ-साथ अच्छा व्यवहार और उचित मार्ग दर्शन भी मिलना चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि मरीजों से संबंधित समस्याओं पर नियमित रूप से नजर रखी जाए और जहां सुधार की आवश्यकता हो, वहां तत्काल कदम उठाए जाएं।

