ऊना,सुशील पंडित: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिवसेना शिंदे के हिमाचल प्रदेश कार्यकारी राज्य प्रमुख जय दत्ता ने पंडित मोहन लाल दत्त समारक खड्ड स्कूल में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अपने संबोधन में जय दत्ता ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार एवं राष्ट्रसेवा की भावना को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए।समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और प्रस्तुतियां भी दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। जय दत्ता ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

